लोहाघाट पीजी कॉलेज में कुलपति का पुतला फूंकते छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
एमकॉम चतुर्थ सेमेस्टर के परीक्षाफल में गड़बड़ी होने से छात्र छात्राओं में नाराजगी है। गड़बड़ी के विरोध में उन्होंने कुमाऊं विश्व विद्यालय के कुलपति का पुतला फूंका। जल्द ही परीक्षाफल में सुधार नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बृहस्पतिवार को छात्रनेता इंद्र ढेक और दीपक फर्त्याल के नेतृत्व में छात्रों ने कुलपति का पुतला फूंका। उनका कहना था कि बीते छह सितंबर को एमकॉम के चतुर्थ सेमेस्टर का परीक्षाफल घोषित किया गया। चतुर्थ सेमेस्टर में 50-50 अंकों की प्रोजेक्ट वर्क और मौखिक परीक्षा होती है। लेकिन कुमाऊं विश्वविद्यालय द्वारा घोषित परीक्षाफल में केवल प्रोजेक्ट वर्क के ही अंक जोड़े गए हैं।
जबकि मौखिक परीक्षा के अंक जोड़े ही नहीं गए हैं। छात्रों का कहना था कि विश्व विद्यालय इससे पहले भी कई बार अंक पत्रों में गड़बड़ी कर चुका है। जिससे छात्रों में निराशा का माहौल है। उन्होंने शीघ्र ही परीक्षाफल में सुधार नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। पुतला फूंकने वालों में अमित फर्त्याल, कुलदीप, नेहा डबराल, सौरभ, विवेक, आंचल बोहरा, त्रिसना बिष्ट, विनीता भंडारी, मिलन भंडारी और योगेश बोहरा शामिल थे।