राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेना छावनी के निकट मंगलवार को ट्रक की टक्कर से दिल्ली में तैनात बाइक सवार सेना का जवान और स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे घायलों के परिजन उन्हें टनकपुर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने बाइक सवार जवान को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल स्कूटी सवार को हायर सेंटर रेफर किया गया है। मामले में किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
मंगलवार दोपहर बाद सेना छावनी क्षेत्र के निकट एनएच पर टनकपुर से बनबसा आ रहे शक्तिमान ट्रक (यूटीएफ 6944) से टनकपुर की ओर जा रही बाइक (यूके 03 बी) की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रक के अंदर घुस गई। हादसे के चलते ट्रक के पीछे टनकपुर से आ रही स्कूटी (यूके 06 एएल 6296) भी ट्रक से भीड़ गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से बाइक को बाहर निकाला। हादसे की जानकारी होने पर दोनों दुपहिया चालकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घायलों को टनकपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बाइक सवार जवान मोहन चंद (35) पुत्र कैलाश चंद को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल स्कूटी चालक आरटीओ कर्मी राजेंद्र प्रसाद (35)को हायर सेंटर रेफर किया गया है। डॉ. आफताब अंसारी ने बताया है कि राजेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई हैं।
थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि ट्रक और दोपहिया वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।उधर मृतक जवान मोहन चंद के शव को टनकपुर पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दिल्ली में तैनात था जवान मोहन, अवकाश पर आया था घर
बनबसा (चंपावत)। मृतक सैलानीगोठ निवासी लांस नायक मोहन चंद सेना की 218 आर्टलरी में दिल्ली में तैनात था। वह छुट्टी पर घर आया था। दो वर्ष बाद उसका रिटायरमेंट होना था। बताया गया कि मोहन चंद का मकान बन रहा है। बनबसा से पैसे निकालकर वह घर लौट रहा था कि सेना छावनी महाराणा प्रताप द्वार के पास शिव मंदिर के निकट यह हादसा हो गया।
मृतक के पिता कैलाश चंद भी सेना से सेवानिवृत्त हैं। उसका एक छोटा भाई राकेश चंद भी सेना में है। दूसरा छोटा भाई घर पर शटरिंग का व्यवसाय करता है। मृतक की एक पुत्री भूमि केवि-वन कक्षा तीन की छात्रा है। जवान की मौत से सैलानीगोठ गांव में गम का माहौल है। उसकी पत्नी मायके गई थी जो कि हादसे की जानकारी होने के बाद लौट आईं।