धौन-दियूरी मोटर मार्ग पर अवैध खनन ग्रामीणों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। विरोध में रविवार को महिलाओं के साथ करीब 19 किमी दूर से आकर गांव के लोगों ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि खनन से बरसात में अक्सर रोड बंद रहती है। वहीं लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता रमेश भट्ट, ग्राम प्रधान हेमा देवी, प्रेम बल्लभ जोशी, भुवन चंद्र, सरपंच ईश्वरी देवी के नेतृत्व में गांव के लोगों ने कलक्ट्रेट परिसर पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि खनन से बगेड़ी, बजौन, दियूरी, नायल, बघेला, बस्टियागूंठ गांवों को खतरा है। साथ ही यह रोड भी बरसात में अक्सर बंद रहती है। पिछली बारिश में रोड दो दिन तक बंद रहने के बाद रविवार को ही खुल सकी है।
कलक्ट्रेट परिसर से ग्रामीणों ने फोन से डीएम को रोड पर हो रहे खनन तथा उससे गांवों को खतरे की जानकारी दी। ग्रामीण सोमवार को डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी के सम्मुख इस मामले को दोबारा उठाकर खनन पर रोक लगाने की मांग करेंगे। बाद में एसडीएम जेएस राठौर ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उचित कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया। विरोध प्रदर्शन करने वालों में जगदीश चंद्र, अंबादत्त, घनश्याम, श्याम सिंह, मनोज जोशी आदि शामिल थे।