फागपुर के फार्म स्वामी पर डेढ़ साल तक दलित महिला को हवस का शिकार बनाने, धमकी और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पूरनपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पूरनपुर पुलिस ने मामले को चंपावत पुलिस को ट्रांसफर किया है। सीओ आरएस रौतेला ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शनिवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़ित महिला के बयान कराने के बाद पुलिस महिला के मेडिकल परीक्षण की कार्रवाई कर रही है।
सीओ रौतेला के मुताबिक पीलीभीत जिले के पूरनपुर निवासी महिला ने पूरनपुर थाने की गुमचहाई पुलिस चौकी में 17 अगस्त को चंपावत जिले की टनकपुर तहसील के फागपुर निवासी जसपाल सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 313, 506 एवं एसटी-एससी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित महिला का आरोप है कि वह डेढ़ साल तक परिवार के साथ आरोपी व्यक्ति के फार्म पर रही। इसी दौरान आरोपी जोर जबरदस्ती कर उसे हवस का शिकार बनाता रहा। आरोपी ने धमका कर उसका गर्भपात भी कराया।
वह उसे अक्सर धमकाता और मारता-पीटता रहता था। उससे छुटकारा पाने के लिए वह परिवार के साथ ज्ञानखेड़ा चली गई, लेकिन आरोपी फिर भी उसे धमकाकर अपने फार्म में बुलाकर हवस का शिकार बनाता रहा। सीओ ने बताया कि शनिवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़ित महिला के 164 बयान दर्ज कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि एसटी-एससी एक्ट की धारा जुड़ने से इस मामले की वह खुद तफ्तीश कर रहे हैं। महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि शीघ्र आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।