चंपावत। छात्रों के आंदोलन के बाद अब कुमाऊं विश्वविद्यालय ने 14 सितंबर से शुरू होने वाली स्नातक और पीजी के अंतिम सेमेस्टर के परीक्षा कार्यक्रम में कई रियायत देने का एलान किया है। जिसके बाद छात्रों ने धरना खत्म कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोविड-19 के कारण लागू सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए विद्यार्थियों को राहत देने का निर्णय लिया है। छूटे विद्यार्थियों को नवंबर में परीक्षा देने का मौका दिया जाएगा। साथ ही दो प्रश्नपत्रों के बीच पांच दिन का अंतर रहेगा।
इससे पहले छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित कार्की के नेतृत्व में छात्र नेताओं ने कॉलेज परिसर में धरना दिया। बाद में विश्वविद्यालय की ओर से मांगें मान लिए जाने की जानकारी मिलने पर धरना खत्म कर दिया गया। धरना देने वालों में अंकित खर्कवाल, बसंत जोशी, मंयक बोहरा, अमन टम्टा, मनीष महर, कुणाल वर्मा, अमित रावत, शेखर, मनीष चौधरी, विशाल महराना, नरेश बिष्ट, प्रकाश मेहता, नाथ सिंह बोहरा आदि शामिल थे। प्राचार्य डॉ. राधेश्याम भट्ट ने बताया कि अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान कोरोना संबंधी सभी नियमों का पालन किया जाएगा।
पांच घंटे तक पुलिस की निगरानी में रहे छात्र नेता
लोहाघाट (चंपावत)। आत्मदाह की चेतावनी देने वाले कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ के सचिव चेतन चम्याल को पुलिस टीम ने पांच घंटे तक अपनी निगरानी में रखा। चम्याल ने परीक्षा तिथि खिसकाने, हर पेपर को पांच दिन के अंतराल में करने की मांग को लेकर शनिवार को आत्मदाह की चेतावनी दी थी। एसडीएम आरसी गौतम, एनटी सचिन कुमार, सीओ ध्यान सिंह, एसओ नारायण सिंह ने करीब पांच घंटे तक चेतन को अपनी निगरानी में रखकर समझाया।
डिग्री कॉलेज ने जारी की परीक्षा में प्रवेश की गाइड लाइन
टनकपुर (चंपावत)। राजकीय डिग्री कॉलेज प्रशासन ने कॉलेज में 16 सितंबर से शुरू हो रही परीक्षा की गाइड लाइन जारी कर दी है। प्राचार्या डॉ. जी प्रकाश ने बताया कि बाहरी राज्यों से आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होने से पूर्व कोरोना निगेटिव का प्रमाण पत्र पेश करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व छात्र-छात्राओं की थर्मल स्कैनिंग से जांच होगी। परीक्षार्थियों को अनिवार्य रूप से मास्क पहनना होगा। सुरक्षित दूरी का भी ख्याल रखना होगा। प्राचार्य ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्र-छात्राओं से परीक्षा समय से एक घंटा पूर्व डिग्री कॉलेज में उपस्थित होने को कहा है। संवाद