रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने सहायक महाप्रबंधक पर कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए 16 नवंबर से आंदोलन करने का अल्टीमेटम दिया है। यह निर्णय परिषद के शाखाध्यक्ष राजेंद्र सिंह फर्त्याल की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।
बाद में सहायक महाप्रबंधक को परिषद की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि 12 अक्तूबर को सहायक महाप्रबंधक से जिन बिंदुओं पर चर्चा की गई थी, उनमें अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उनके कार्यालय में कार्यरत एक महिला कार्मिक के परिषद के नेताओं के साथ दुर्व्यवहार किए जाने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। तय कार्यक्रम के अनुसार 15 नवंबर तक मांगें पूरी न होने पर 16 से 20 नवंबर तक सहायक महाप्रबंधक कार्यालय अवधि में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 21 से 23 नवंबर तक दो दो घंटे का चक्काजाम किया जाएगा। यदि इस पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई तो 25 नवंबर से बेमियादी चक्काजाम किया जाएगा।