जिला मुख्यालय में एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा के नेतृत्व में चलाए गए छापेमारी अभियान में घरेलू रसोई गैस के व्यावसायिक इस्तेमाल किए जाने पर अलग अलग दुकानों से दस घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जिन्हें सीज कर आईओसी को भेज दिया गया है।
शुक्रवार को एसडीएम सदर निकली तो बाजार में पॉलिथीन की चेकिंग के लिए थी, लेकिन एक दुकान में पॉलिथीन जब्त करते ही छापेमारी की भनक पूरे बाजार में फैल गई। जिस कारण सतर्क हुए व्यापारियों ने पॉलिथीन ठिकाने लगा दी। एसडीएम ने भी अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए तत्काल होटल, ढाबों, मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंटों में सिलेंडरों की जांच करना शुरू कर दिया।
इस दौरान तिवारी स्वीट्स से एक घरेलू सिलेंडर और ढाई सौ ग्राम पॉलिथीन, बिष्ट होटल से तीन सिलेंडर इसके अलावा शुभम स्वीट, बॉब होटल, तड़ागी टी स्टाल, उप्रेती होटल, पांडेय होटल और कार्की स्वीट्स से एक-एक घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। एसडीएम ने बताया कि पॉलिथीन के खिलाफ आगे भी छापेमारी अभियान जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ ही पांच टीमों को छापेमारी के कार्य में लगाया गया है। इस दौरान होली के मद्देनजर मैदानी क्षेत्रों से आने वाले खोए और पनीर आदि की सैंपलिंग भी की जा रही है। इस दौरान सुंदर नेगी, अनीता पांडेय, गिरीश भट्ट, शंकर दत्त के अलावा राजस्व, खाद्य आपूर्ति और इंडेन के कर्मचारी भी मौजूद रहे।