चंपावत में खाद्य पदार्थों की जांच करती खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी।
- फोटो : अमर उजाला
होली त्यौहार से पूर्व खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में परचून और खाने पीने की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने इस दौरान खोया, मिठाई और सरसों तेल के तीन सैंपल लिए और विभिन्न दुकानों में एक्सपायरी हो चुके मसाले, नमकीन और तेल को नष्ट कराया। उन्होंने अधिक रंग वाली मिठाई को भी नष्ट कराया। उन्होंने खाद्य पदार्थो में रंगों और केमिकल का कम से कम प्रयोग करने के निर्देश भी दिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि होली के दौरान बाहर से आने वाले खोए और मिठाई आदि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष विभिन्न दुकानों से तेल, खोया, मिठाई आदि के सभी दस सैंपल परीक्षण में पास हुए हैं।