भिंगराड़ा के गूंठा में सड़क न होने से डोली बन रही बीमार लोगों का आसरा।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। पाटी विकासखंड के भिंगराड़ा के गूंठा में सड़क न होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण खड़ी चढ़ाई पार कर बीमार एवं चोटिल लोगों को डोली के सहारे भिंगराड़ा मार्ग तक पहुंचा रहे हैं। मंगलवार को ग्राम पंचायत गड्यूड़ा के तोक गूंठा के निवासी महिला यमुना देवी (25) समीप जंगल में घास लाने गई थी। इसी दौरान पैर फिसलने से उसकी पांव में मोच आ गई। ग्रामीणों ने बांस की बल्लियों में कुर्सी को बांधकर डोली बनाई और चार किमी की खड़ी चढ़ाई पार कर मुख्य सड़क भिंगराड़ा तक पहुंचाया।
भिंगराड़ा स्थित एक अस्पताल में महिला का उपचार किया गया। यहां कुछ राहत नहीं मिलने पर उसे लोहाघाट अस्पताल भेज दिया गया। स्थानीय निवासी प्रकाश नाथ ने बताया कि प्रदेश सरकार सीमांत के ग्रामीणों के साथ भेदभाव कर रही है। दो सौ से अधिक की आबादी वाले इस क्षेत्र में बीमार लोगों को अस्पताल तक पहुंचाना काफी मुश्किल साबित हो रहा है। ग्रामीण गणेश गिरी ने कहा कि भिंगराड़ा से गूंठा तक चार किमी सड़क बनाने के लिए लोनिवि ने सर्वे किया गया हैं। लेकिन अधिकारियों से बार-बार कहने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। गूंठा निवासी भीम गिरी, ललित गिरी, प्रकाश नाथ, दलीप गिरी, भुवन गिरी, रमेश मथेला ने प्रशासन से भिंगराड़ा गूंठा सड़क को शीघ्र बनाने की मांग की है।