लोहाघाट के स्टेशन बाजार में लगे जाम में फंसे वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
नगर की बदहाल यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा बनाई गई नयी यातायात व्यवस्था की पहले ही दिन हवा निकल गई। बुधवार को स्टेशन बाजार में आड़े तिरछे खड़े ववाहनों की भरमार रही। जिससे समय समय पर जाम भी लगता रहा।
उल्लेखनीय है कि 10 नवंबर को हुई बैठक में 15 नवंबर से शहर में नयी यातायात व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया गया था। इसके अंतर्गत एसडीएम कार्यालय चौराहे से मीना बाजार तक सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चौपहिया वाहनों के लिए नो पार्किंग जोन, यहां दुपहिया वाहन को एक दिन दायीं तथा दूसरे दिन बायीं तरफ खड़े करने, रोडवेज स्टेशन से पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड तक सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चौपहिया वाहनों के लिए नो पार्किंग जोन घोषित किया गया था। इसके अलावा मालवाहक वाहनों के लिए नगर के 6 स्थानों पर जगह का चयन किया गया था। गांधी चौक में सुबह नौ बजे से चार बजे तक चौपहिया वाहनों को खड़े करने पर प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया था।
लेकिन बुधवार को इन पुलिस और प्रशासन के इन निर्णयों पर कोई अमल नहीं किया गया। लोगों ने मनमाने ढंग से वाहनों जगह-जगह खड़ा किया गया था। इस संबंध में थानाध्यक्ष बीएस बृजवाल का कहना है कि बैठक में लिए गए निर्णयों को प्रभावी रूप देने के लिए एसडीएम कार्यालय से अभी सूचना नहीं आ पाई है। अलबत्ता बृहस्पतिवार से मीना बाजार और स्टेशन बाजार में यातायात व्यवस्था को लागू कर दिया जाएगा।