टनकपुर(चंपावत)। मां पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं का रेला आना जारी है। इससे व्यापारियों और पुजारियों के चेहरे खिले हैं। बुधवार को भी करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए।
बता दें कि लोकसभा चुनाव के चलते श्रद्धालुओं की आवक प्रभावित रही है। प्रथम और दूसरे चरण के बाद अब पिछले कुछ दिनों से श्रद्धालुओं की आवक बढ़ी है। मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी ने बताया कि अब आवक कुछ बढ़ गई है। मंदिर में 24 घंटे दर्शन को श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इधर, शारदा घाट में स्नान के लिए भी श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। पुलिस तैराक दल की ओर से नदी में स्नान कर रहे लोगों को बहाव वाले स्थानों को लेकर सावधान भी किया जा रहा है। बैराज मार्ग होकर नेपाल के ब्रह्मदेव मंडी स्थित बाबा सिद्धनाथ के दर्शन को भी श्रद्धालुओं उमड़ रहे हैं।
मेले में गुम हुआ बालक परिजनों को किया सुपुर्द
टनकपुर। मां पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने पर बुधवार को बच्चों का परिजनों से बिछड़ना जारी रहा। बताया कि परिजनों से बिछड़े चार वर्षीय अंकित को बूम क्षेत्र में तैनात फायर यूनिट ने कड़ी मशक्कत कर तलाश किया और मां सुनीता को सुपुर्द किया। फायर यूनिट टीम में सुंदर पथनी, प्रमोद सौन, अमित भट्ट आदि शामिल रहे।