यहां कई स्थानों में निजी मोबाइल कंपनियों द्वारा केबल बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें लोगों के लिए सिरदर्द बन रही है। खोदे हुए हिस्से की मरम्मत नहीं होने से राहगीरों और व्यापारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए शीघ्र सड़क की मरम्मत करने की मांग की है।
सड़कों की हालत ठीक न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
व्यापारी मनोज साह, कमल राय, रूप सिंह कुंवर, मयंक बोहरा, लक्ष्मण सिंह, सतीश मिश्रा आदि का कहना है कि करीब आठ माह पूर्व लोनिवि से अनुमति लेकर एक निजी मोबाइल कंपनी ने सड़क के किनारे खोदकर केबल बिछाए। मोबाइल कंपनी का दावा है कि सड़क खुदाई के बदले क्षतिपूर्ति की रकम लोनिवि को दी जा चुकी है। लेकिन लंबा समय बीतने के बावजूद भी लोनिवि सड़क की मरम्मत नहीं करा रही है। इस वजह से थोड़ी सी बारिश होने पर इस स्थान पर लोगों का चलना मुश्किल हो रहा है।
साथ ही लोडेड वाहन उक्त मिट्टी में धंस जाते हैं। नागरिकों ने लोनिवि से शीघ्र सड़क ठीक करने की मांग की है। इस संबंध में लोनिवि के अधिकारियों से जानकारी चाहे जाने पर उनका पक्ष मालूम नहीं हो सका।