चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर स्वाला यात्रियों के लिए मुसीबत बना हुआ है। बुधवार को डेंजर जोन में भारी मात्रा में मलबा गिरने से साढ़े पांच घंटे तक वाहनों के चक्के थमे रहे। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। दीपावली का सामान लेकर मैदान से पहाड़ चढ़ रहे कई ट्रक भी रास्ते में ही फंसे रहे।
एनएच डेंजर जोन स्वाला में बुधवार सुबह करीब पांच बजे पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आ गया। एनएच ने मशीनें लगाकर मलबा हटाने का प्रयास किया लेकिन रह-रहकर मलबा और पत्थर रोड पर गिरते रहे। इसके बाद बारिश शुरू होने के कारण काम करना और चुनौतीपूर्ण हो गया। पहाड़ से मैदान और मैदान से पहाड़ आ रहे छोटे-बड़े कई रोड पर जहां-तहां फंसे रहे। समय बीतने के साथ वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई।
दिल्ली, देहरादून, बरेली आदि क्षेत्रों से यात्रियों को लेकर आ रही बसें भी रोड बंद होने से फंस गई। बसों के नहीं आने के कारण लोहाघाट और चंपावत रोडवेज स्टेशन पर सुबह से सन्नाटा पसरा रहा। करीब साढ़े पांच घंटे बाद सुबह 11:30 बजे एक तरफ से यातायात को रुक-रुक कर खोला गया। सुरक्षा की दृष्टि से पहाड़ से मैदान के लिए जाने वाली रोडवेज बसों और छोटे वाहनों को रवाना किया गया लेकिन मैदानी से पहाड़ आ रहे सभी वाहनों को रोका गया है। बता दें कि टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर स्वाला के पास सुरक्षात्मक कार्य किए जाने के कारण शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक यातायात बंद रखा जाता है।
कोट
बारिश के चलते बुधवार को डेंजर जोन पर मलबा आने से वाहन फंसने लगे। ऐसे में एक तरफ से यातायात सुचारु किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर मैदानी क्षेत्र का यातायात रोकना पड़ा। हालांकि प्राथमिकता के आधार पर सिलिंडर और अन्य कुछ जरूरी वाहनों को भेजा गया। - एनसी टम्टा, एई, एनएच विभाग
चार एंबुलेंस भी फंसीं
डेंजर जोन पर मलबा आने के कारण एनएच पर चार एंबुलेंस भी फंस गईं। इसमें एक एंबुलेंस में मैदानी क्षेत्र को ले जाए जा रहे मरीज को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तीन एंबुलेंस मैदानी क्षेत्र से चंपावत की तरफ आ रही थीं। एनएच विभाग ने थोड़ी देर बाद चारों एंबुलेंस को निकाला। एनएच बंद होने के बाद कई वाहनों को बनलेख में रोक दिया गया जबकि टनकपुर में ककराली गेट पर अधिकतर वाहनों को रोक लिया गया था। दीपावली का सामना लेकर आ रहे कई भारी वाहन भी मलबा आने के कारण फंस गए। ट्रक चालकों ने बताया कि वह पिथौरागढ़ और चंपावत की ओर जा रहे थे।
यात्रियों को करना पड़ा इंतजार
रोडवेज स्टेशन पर बस के लिए यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। यात्री शांति ने बताया कि वह हरिद्वार जाने के लिए सुबह 10 बजे पहुंच गई थीं लेकिन एक घंटा बीत जाने के बाद भी बस नहीं मिली। इसी तरह लोहाघाट और पिथौरागढ़ जाने के लिए भी यात्री बस का इंतजार करते रहे।