टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि धाम क्षेत्र में मेले के दौरान लो-वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। यूपीसीएल की ओर से प्राचीन धूनी स्थल के पास 63 केवीए के चार नये ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। दीपावली के बाद ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही पांच सौ मीटर 11 हजार केवीए नई लाइन भी बिछाई जाएगी।
एसडीओ मयंक भट्ट ने बताया कि मेले के दौरान धाम क्षेत्र में बिजली का लोड बढ़ जाता है। वर्तमान में सिद्ध मोड़ के पास 100 केवीए के चार ट्रांसफार्मर लगे हैं। काली मंदिर के पास भी 100 केवीए के दो ट्रांसफार्मर और भैरव मंदिर के पास 250 केवीए का एक ट्रांसफार्मर लगा है। उन्होंने बताया कि आवश्यकता को देखते हुए 63 केवीए के चार नये ट्रांसफार्मर प्राचीन धूनी स्थल के लिए स्वीकृत हो गए हैं। इनमें दो लाइन और दो स्पेयर में रहेंगे।