टनकपुर नगर में बिजली विभाग की ओर से खुली एलटी लाइन की तार को एबीसी केबल में बदलने का कार्य करते
टनकपुर (चंपावत)। अब नगर क्षेत्र में बिजली के खुले तारों से करंट और खतरे से जल्द निजात मिल जाएगी। बिजली विभाग की ओर से नगर क्षेत्र में खुली एलटी लाइन के बदले एबीसी केबल डालने का कार्य शुरू कर दिया है।
तेज बरसात और आंधी-तूफान में खुली बिजली लाइन के टूटने से करंट का खतरा बना रहता है। साथ ही पोलों के जर्जर होने पर अचानक उनके गिरने की भी घटनाएं होती हैं। इससे अक्सर गिरे नंगे तारों में करंट की चपेट में लोगों के आने का खतरा बना रहता है। ऊर्जा निगम की ओर से खुली केबल को एबीसी (एरियल बंडल केबल) में बदलने की कुछ समय पहले पहल की गई थी। विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद नगर क्षेत्र के लिए एबीसी उपलब्ध हो गई है और इसे लगाने का कार्य भी शुरू हो गया है।
एसडीओ मयंक भट्ट ने बताया कि अभी नगर क्षेत्र में करीब 35 किमी एलटी लाइन को एबीसी में बदलने का कार्य शुरू किया गया है। जल्द ही नगर की पूरी खुली एलटी लाइन को बदल दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर के बाद ग्रामीण क्षेत्र में भी एबीसी डालने का प्रस्ताव है। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है।