चंपावत। क्षेत्र के कई इलाकों में बुधवार को बिजली गुल रही। करीब छह घंटे बिजली गुल रहने से 20 हजार से अधिक की आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बिजली गुल होने से व्यापारी, सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों, बैंकों सहित अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर काम-काज प्रभावित रहा। सबसे अधिक दिक्कत सीएससी, साइबर कैफे संचालकों को हुई। बिजली गुल होने के चलते लोगों का आटा और मसाला समय से नहीं पिस सके। चंपावत नगर सहित अमोड़ी, सूखीढांग और चल्थी में सुबह 11 से शाम पांच बजे तक बिजली गुल रही।
ऊर्जा निगम के एसडीओ संजय भंडारी ने बताया कि लोहाघाट क्षेत्र के डैसली गांव में पिटकुल के बिजली के पोलों में तार खींचने का कार्य किया जा रहा था। इस कारण शटडाउन लिया गया था। इससे नगर सहित कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। उपभोक्ताओं की बेहतर सुविधा को देखने हुए जल्द बिजली सुचारु कर दी गई थी। करीब छह घंटे का शटडाउन लिया गया था। संवाद