चंपावत में कोतवाल वीसी शर्मा से वार्ता करते व्यापारी।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने जिला मुख्यालय में 29 मार्च की रात जीआईसी चौक पर स्थित मोबाइल शॉप में हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। चोरी की वारदात में दो नाबालिग शामिल रहे, जबकि तीसरे नाबालिग के पास से चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद किए गए। तीनों नाबालिगों को महंगे फोन के आकर्षण ने दुकान में चोरी करने के लिए प्रेरित किया।
उनका कहना है कि दोस्तों के पास महंगे एंड्राइड फोन होने के कारण वह भी चाहते थे कि उनके पास भी दोस्तों की तरह ही मंहगे फोन हों। तीनों ही आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड के सुपुर्द किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जीआईसी चौक पर पवन त्रिपाठी की दुकान का ताला तोड़कर करीब एक लाख रुपये के 12 महंगे मोबाइल फोन चोरी किए गए थे। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार सुबह विवेचना अधिकारी एसआई राजेश पांडेय ने तीनों आरोपियों को अपने संरक्षण में लिया।
आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन सेट बरामद हुए, जबकि एक फोन के बारे में आरोपी कुछ नहीं बता सके। एसआई ने बताया कि आरोपियों ने सरिया काटने वाली ब्लेड से दुकान का ताला काटकर चोरी की। वहीं, व्यापार संघ अध्यक्ष अमरनाथ सक्टा, सचिव नवल जोशी, विक्की चौधरी, विकास साह, रोहित बिष्ट आदि ने पुलिस कार्रवाई की प्रशंसा की है।