लोहाघाट की रामलीला में गीतों का गायन करते कलाकार।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। कोरोना महामारी भी रामलीला के कलाकारों का उत्साह डिगा नहीं पा रही है। नगर में रामलीला का आयोजन भले ही स्थगित कर दिया गया है, लेकिन कलाकार अपने किरदार के गीतों का गायन कर रहे हैं। जिसका प्रसारण सोशल मीडिया के जरिये किया जा रहा है।
लोहाघाट नगर में रामलीला के दूसरे दिन राम स्तुति के बाद कलाकारों ने रामलीला के मुख्य अंशों का गायन किया। रामलीला कमेटी अध्यक्ष जीवन सिंह मेहता की अध्यक्षता में कमेटी सदस्यों ने राम स्तुति के रामलीला गीतों का गायन किया। संचालन करते हुए नरेश राय ने दूसरे दिन विश्वामित्र का राजा दशरथ के पास यज्ञ की रक्षा के लिए राम लक्ष्मण को मांगना, दशरथ की ओर से विश्वामित्र के साथ राम लक्ष्मण को भेजना, वन में ताड़का सुबाहु वध, राजा जनक का सीता स्वयंवर का आमंत्रण विश्वामित्र को मिलना, राम, लक्ष्मण का विश्वामित्र के साथ जनकपुरी प्रस्थान, अहिल्या तारण, जनकपुरी पहुंच कर सीता का मां गौरी का पूजन तथा आशीर्वाद लेना और पुष्प वाटिका में राम सीता के मिलन का प्रसंग सुनाया गया। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मेहता ने बताया कि कोरोना माहामारी के चलते इस बार रामलीला का मंचन नहीं किया गया। इसके लिए कलाकार आपस में राम भजन और रामलीला के मुख्य अंशों को गा रहे हैं। जिसका प्रसारण सोशल मीडिया के जरिये किया जा रहा है। इस मौके पर मुकेश साह, जगदीश जोशी, नवीन बोहरा, जीवन गहतोड़ी, कैलाश बगौली, दीप जोशी, संजय फर्त्याल, अमित साह, ईश्वरी लाल साह, दीपक सुतेड़ी आदि मौजूद रहे।