चंपावत। इस साल लोगों को मार्च के शुरू होने के साथ ही पेयजल किल्लत से जूझना पड़ा है। चंपावत नगर में ही एक दिन छोड़कर पानी मिल रहा है। इसके चलते गांवों में ही नहीं, नगरों में भी लोग दूरदराज नौलों और हैंडपंपों से पानी ढो रहे हैं। पेयजल उपलब्धता कराने में नाकाम रहने के साथ ही जल संस्थान पानी के बिलों की वसूली में भी पीछे है। इस बार बीते सात सालों में सबसे कम वसूली हो सकी है।
जिले में हर रोज 178.67 लाख लीटर पानी की मांग के सापेक्ष मात्र 105.57 लाख लीटर ही मिल रहा है। इसमें नगरीय क्षेत्र के इलाकों 109.90 लाख लीटर के सापेक्ष महज 33.76 प्रतिशत (36.80 लाख लीटर) ही मिल रहा है। जल संस्थान 2020-21 वित्त वर्ष में फरवरी तक बमुश्किल 2.90 करोड़ रुपये से भी कम रकम वसूल पाया है। जबकि लक्ष्य 6.93 करोड़ रुपये का है। जल संस्थान के ईई बिलाल युनूस ने बताया कि भवन मूल्यांकन में नगर निकायों द्वारा कमी किए जाने से बिल की रकम में भी अंतर आ रहा है। इस कारण लक्ष्य के सापेक्ष वसूली में कमी आई है। वसूली के लिए अभियान चलाया गया है। 31 मार्च तक बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं की आरसी (वसूली प्रमाणपत्र) काटने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। फिर भी बिल जमा न होने पर राजस्व विभाग के माध्यम से आरसी काटी जाएगी। फिर भी बिल का भुगतान नहीं किए जाने पर कनेक्शन काटे जाएंगे। ईई का कहना है कि जाड़ों में बेहद कम बारिश के चलते जल स्रोतों में काफी गिरावट आई है। टैंकरों और अन्य वैकल्पिक उपाय कर पानी की आपूर्ति की जा रही है।
118 कार्मिकों में से तैनाती सिर्फ 30 की
चंपावत। जल संस्थान के चंपावत खंडीय कार्यालय में स्टाफ का भारी टोटा है। 118 कार्मिकों के सापेक्ष (25.42 प्रतिशत) सिर्फ 30 की ही तैनाती है। एई के तीनों पद खाली हैं। तो लेखाकार, प्रशासनिक अधिकारी, प्रधान सहायक, वरिष्ठ सहायक, आशुलिपिक, अनुचर, संगणक, पंप अटेंडेंट, विद्युतकार, हैड फिटर, मीटर रीडर, मीटर मैकेनिक, वर्क सुपरवाइजर, बिल कर्मी के भी सभी पद खाली हैं।
चंपावत जिले के नगरीय क्षेत्रों में पेयजल की तस्वीर:
नगर मांग (लाख लीटर में) पूर्ति
चंपावत नगर 23.60 5.00
लोहाघाट नगर 20.70 7.20
टनकपुर नगर 49.10 19.40
बनबसा नगर 16.50 5.20
कुल योग: 109.90 36.80
जल संस्थान की वसूली:
वर्ष - वसूली (लाख रुपये में)
2014-15: 269.40
2015-16: 284.63
2016-17: 284.70
2017-18: 297.06
2018-19: 382.39
2019-20: 401.24
2020-21 (20 मार्च तक): 290.00
चंपावत जिले में कनेक्शन:
चंपावत नगर: 1704
लोहाघाट नगर: 1580
टनकपुर नगर: 2055
बनबसा नगर: 93
चंपावत ग्रामीण: 1329
लोहाघाट ग्रामीण: 119
टनकपुर ग्रामीण: 2052
बनबसा ग्रामीण: 148
पाटी ग्रामीण: 1299
बाराकोट ग्रामीण: 771
कुल कनेक्शन: 12350