बापरू में म्यूजिक एलबम की शूटिंग को पहुंचे वालीवुड के कलाकार
- फोटो : अमर उजाला
श्रीकुंवर इंटरटेनमेंट मुंबई की ओर से कुमाऊंनी और गढ़वाली गीतों की शूटिंग शुरू हो गई है। पांच गीतों वाली इस म्यूजिक एलबम के जरिये चंपावत जिले की खूबसूरती जल्द ही फिल्मों के रुपहले पर्दे पर नजर आएगी।
निर्माता बीके सामंत और निर्देशक अमित सैनी के नेतृत्व में मुंबई से पहुंचे कलाकारों ने जिला मुख्यालय मे छीणापानी स्थित चाय बागान और बापरू क्षेत्र में कुमाऊंनी गानों की शूटिंग की। जिसे देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ गई। म्यूजिक एलबम निर्माता और संगीतकार बीके सामंत ने बताया कि एलबम में यो मेरो पहाड़, मेरी बिमू, देवताओं का थान, डांडूयो को बादल और डोली गानों की शूटिंग जिले की विभिन्न लोकेशन पर की जाएगी।
शूटिंग में वालीवुड अभिनेता मार्क दीक्षित, अभिनेत्री आकांक्षा शारदा, सिनेमेटोग्राफर अक्षय पडवले, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, विष्णु, दिलीप गुप्ता, अंजलि कुकरेजा के अलावा कई सह कलाकार प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले के बाराकोट, घाट, बाराहीधाम, हिंग्लादेवी, मरोड़ाखान के अलावा उत्तर भारत के प्रमुख देवी शक्तिपीठ मां पूर्णागिरि धाम में भी शूटिंग की जाएगी।
एसपी से की सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने की मांग
चंपावत। यहां छीणापानी के चाय बागान में एलबम की शूटिंग के दौरान कुछ अराजक तत्वों की ओर से अवरोध पैदा किए जाने के बाद शूटिंग टीम ने एसपी धीरेंद्र गुंज्याल से मिलकर सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने की मांग की है। मंगलवार को एसपी से मिलने पहुंचे निर्माता बीके सामंत ने बताया कि शूटिंग स्थल में कुछ लोग बार बार मोटर साइकिलों में आकर व्यवधान डाल रहे थे।