कोरोना काल में प्रवाशियों को उनके घरों तक पहुंचाने वाले वाहन चालकों के भुगतान को लेकर डीएम से वार
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। कोरोना काल में प्रवासियों को उनके घरों तक पहुंचाने वाले टैक्सी चालकों का भुगतान चार माह बाद भी नहीं हो सका है। इससे टैक्सी चालकों में गहरी नाराजगी है। आक्रोशित टैक्सी चालकों ने विधायक पूरन सिंह फर्त्याल और भाजपा के मंडल अध्यक्ष महेश बोहरा को दिक्कतें बताईं।
विधायक ने डीएम से टैक्सी चालकों के बिलों का भुगतान शीघ्र करने को कहा। टैक्सी चालक मोहन बिष्ट, हरीश, सुरेश, पवन आदि का कहना था कि प्रशासन के निर्देश पर लॉकडाउन के बाद बाहरी राज्यों से आने वाले प्रवासियों को उनके घरों, क्वारंटीन सेंटरों तक पहुंचाया गया। कहा कि चार माह बाद भी उनका भुगतान नहीं हो पा रहा है। इससे उनके सामने परिवार के भरण-पोषण की भी दिक्कत हो रही है। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने कहा कि टैक्सी चालकों के बिल मिल चुके हैं, जल्द ही भुगतान करा दिया जाएगा।