मचकुड़ी प्राइमरी स्कूल तीन छात्र तीन शिक्षक, दयोली दो छात्र दो शिक्षक, लड़ाबोरा और सिंडाला तीन छात्र दो शिक्षक, तपनीपाल जूनियर हाईस्कूल में चार छात्र दो छात्र। छात्रों की कम होती ये तस्वीर सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करती है। जिले में 51 प्राइमरी सहित कुल 56 बेसिक स्कूलाें में छात्रों की तादाद दहाई के आंकडे़ से नीचे हैं।
चंपावत जिले के 56 स्कूलों में कुल छात्र 332 हैं। और इन बच्चों को पढ़ाने के लिए 98 शिक्षक हैं। यानि औसतन 3.38 छात्र को पढ़ाने के लिए एक अध्यापक तैनात हैं। छात्र-अध्यापक का बेहद कम अनुपात इन स्कूलों को शैक्षिक गुणवत्ता प्रदान कर रहा हो, ऐसा भी नहीं है। साल-दर-साल यहां छात्र कम हो रहे हैं। इसके विपरीत जिले के 609 स्कूलों में 19164 छात्रों पर 1328 शिक्षक (छात्र शिक्षक औसत 14.43) हैं।