टनकपुर (चंपावत)। तीन ओर नेपाल से घिरे भारतीय गांव थपलियालखेड़ा के ग्रामीणों की आवाजाही के लिए जल्द ही अस्थायी पुल का निर्माण होगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने खनिज फाउंडेशन न्यास से 15 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं।
टनकपुर से करीब छह किमी. दूर तीन ओर नेपाल से घिरे सैलानीगोठ के ग्राम पंचायत के इस तोक में रहने वाले 40 परिवार मूलभूत सुविधाओं के बगैर जीवन यापन कर रहे हैं। बच्चों को पांचवीं कक्षा के बाद शिक्षा के लिए कम से कम छह किमी. दूर टनकपुर जाना पड़ता है।
ग्रामीण सड़क, पानी, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हैं। हालांकि, एसएसबी कैंप के लिए गांव के बगल से बिजली पोल लगाए जा रहे हैं। संभावना है कि थपलियालखेड़ा गांव को बिजली मिल जाए। बरसात में ग्रामीण जोखिम उठा उफनाते नाले पार कर आवाजाही करते हैं।
सिंचाई विभाग के अभियंता आरके यादव का कहना है कि थपलियालखेड़ा गांव से संपर्क स्थापित करने को अस्थायी पुल के लिए जो 15 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं, इससे दस मीटर लंबे और पांच मीटर चौड़े अस्थायी पुल का निर्माण ह्यूमपाइप डालकर कराया जाएगा।