लोहाघाट (चपावत)। जल्द ही लोहाघाट से बाराकोट, सिमलखेत, अल्मोड़ा आदि स्थानों को जाने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जग गई है। विधायक खुशाल सिंह अधिकारी की पहल पर रोडवेज इस रूट पर बस का संचालन करने की तैयारियों में जुटा हुआ है।
लोहाघाट रोडवेज स्टेशन से अल्मोड़ा के लिए बस सेवा शुरू होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। लंबे समय से लोग लोहाघाट से बाराकोट, सिमलखेत, भनोली होते हुए अल्मोड़ा के लिए बस सेवा संचालित करने की मांग कर रहे हैं। इस रूट पर प्रतिदिन सैकड़ों यात्री आवाजाही करते हैं, लेकिन यहां इक्का दुक्का टैक्सी वाहन चलने से लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोग मजबूरन टैक्सियां बुक कराकर सिमलखेत अल्मोड़ा जाने को मजबूर होते हैं।
लोहाघाट डिपो की ओर से लोहाघाट-देवीधुरा-हल्द्वानी और लोहाघाट-सिमलखेत-अल्मोड़ा के लिए बस सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। रोडवेज निगम प्रबंधन की ओर से डिपो को और नई बसें मिलने के बाद इस रूट पर बसों का संचालन शुरू करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पर्वतीय क्षेत्र के 12 अन्य रूटों पर भी बसों का संचालन करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। - धीरज वर्मा, सहायक महाप्रबंधक, लोहाघाट