लोहाघाट में एसबीआई के शाखा प्रबंधक के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद बंद एसबीआई।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। तहसील और एसबीआई कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव आने के कारण बुधवार को तहसील, एसडीएम कार्यालय और एसबीआई बैंक बंद रहा। इसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एसडीएम कार्यालय बंद होने से शादी के लिए अनुमति मांगने के लिए आए लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा।
मंगलवार को तहसील के सात कर्मचारी और एसबीआई के शाखा प्रबंधक एंटीजन टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। कोरोना से अन्य कर्मचारियों और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए तहसील, एसडीएम कार्यालय और एसबीआई को 48 घंटों के लिए बंद कर दिया था। बाराकोट ब्लॉक के च्यूरानी निवासी मनोज कुमार की बरात तीन दिसंबर को खटीमा जाने वाली है। इसके लिए परिजन एसडीएम कार्यालय में अनुमति लेने के लिए आए थे, कार्यालय बंद होने के चलते उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से एसबीआई में लेन देन के लिए आने वाले लोग भी परेशान रहे। एसडीएम आरसी गौतम ने बताया कि बृहस्पतिवार को तहसील, एसडीएम कार्यालय और एसबीआई पूर्व की भांति खुल जाएगा।