चंपावत। 17 सूत्रीय मांगों को लेकर जिले के प्राथमिक शिक्षकों ने बृहस्पतिवार को मुख्यालय में जबर्दस्त रैली निकाली। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह बोहरा, महामंत्री देवीदत्त जोशी और कोषाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में शिक्षकों ने संगठन की वाजिब मांगों को पूरा करने पर जोर दिया। बाद में गोरलचौड़ से निकली रैली पांच किमी दूर कलक्ट्रेट पहुंच और डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया गया।
शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने, एसएसए के स्कूलों के शिक्षकों एवं समन्वयकों को कोषागार से नियमित वेतन भुगतान, स्कूलों की कोटिकरण की विसंगति को दूर करने, सत्रांत लाभ को सरलीकरण, 2005 से नियुक्त नियुक्त शिक्षकों को अंशदाई पेंशन के बजाय पुरानी पेंशन का लाभ देने, राष्ट्रीय एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को उप्र की तरह सुविधाएं देने, प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा के निदेशकों का विभागाध्यक्ष के रूप में स्वतंत्र कार्य करने, औचक निरीक्षण के दौरान शिक्षकों से स्पष्टीकरण लिए बगैर निलंबन की कार्रवाई नहीं करने की मांग की गई। रैली और प्रदर्शन में स्वर्ण सिंह मौनी, बंशीधर थ्वाल, राम प्रसाद कालाकोटी, रबीश पचौली, रुद्र सिंह बोहरा, बची सिंह पुजारी, जीवन मेहता, श्याम लडवाल, गीता जोशी, सुशीला चौबे, कवींद्र तड़ागी आदि शिक्षक शामिल थे।