लोहाघाट में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद शिक्षक। स्रोत: आयोजक
लोहाघाट(चंपावत)। ब्लाॅक सभागार में राजकीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ का त्रिवार्षिक जिला अधिवेशन आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिले भर के शिक्षकों ने शिक्षा के गिरते स्तर को लेकर गहन मंथन किया और सुधार के लिए ठोस सुझाव दिए।
सोमवार को हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लाॅक प्रमुख महेंद्र सिंह ढेक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर लगातार गिर रहा है। इसके लिए शिक्षकों, अभिभावकों और प्रशासन को सामूहिक रूप से प्रयास करने होंगे। उन्होंने डिजिटल शिक्षा के प्रसार के साथ ही शिक्षक प्रशिक्षण और स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को जरूरी बताया। विशिष्ट अतिथि डीईओ मान सिंह ने जिला स्तर पर चल रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्ता सुधार के लिए सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा के शिक्षा ही समाज का आधार है। इसके पतन को रोकना हम सबकी जिम्मेदारी है।
अधिवेशन में कक्षा की गुणवत्ता में सुधार, शिक्षकों की कमी, छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के उपाय और नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन की चुनौतियां आदि मुद्दे छाए रहे। शिक्षक संघ ने नौ सूत्री मांगों का ब्लॉक प्रमुख के माध्यम से सीईओ को ज्ञापन भेजा। अधिवेशन की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश सिंह देव और संचालन जगदीश सिंह तड़ागी ने किया। वहां पर जिलाध्यक्ष बागेश्वर रमेश सिंह रावत, प्रांतीय संयुक्त मंत्री दीपेंद्र भट्ट, प्रांतीय सलाहकार महेश जोशी, जीवन ओली, नागेंद्र जोशी, पुष्कर नाथ गोस्वामी, मोहन चंद्र ओली, विनोद कुमार सहित अनेक मौजूद रहे।
13एलजीटी27पी- लोहाघाट में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद शिक्षक। स्रोत: आयोजक