चंपावत में एडीएम हेमंत वर्मा को ज्ञापन सौंपते विभिन्न संगठनों के कर्मचारी नेता। संवाद
चंपावत। विभिन्न कर्मचारी संगठनों के अध्यक्ष और मंत्री ने एआरओ पर चुनाव ड्यूटी से लौटे कार्मिकों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने एडीएम हेमंत कुमार वर्मा को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में कहा है कि लोकसभा चुनाव में मतदान के बाद गोरलचौड़ मैदान में ईवीएम और अन्य प्रपत्रों को जमा करते समय एआरओ चंपावत ने पीठासीन और मतदान अधिकारियों के साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया। समस्त चुनाव सामग्री विधिवत समय पर जमा हो जाने के बाद भी उन्हें कार्य मुक्त करने में बेवजह विलंब किया गया। इस कारण कई शिक्षक और कार्मिकों को बीएम जमा करने के बाद भी पूरी रात इंतजार करना पड़ा। इससे समस्त शिक्षकों और कार्मिकों में नाराजगी है। उन्होंने इस तरह के व्यवहार की निंदा कर कर्मचारियों के साथ उचित व्यवहार किए जाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में उत्तरांचल (पर्वतीय) कर्मचारी शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष नागेंद्र जोशी, महामंत्री वीरेंद्र मेहता, राजकीय प्राथमिक शिक्षक के जिलाध्यक्ष गोविंद बोहरा, महामंत्री बंशीधर थ्वाल, राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह अधिकारी, उपाध्यक्ष अनिल कुमार आदि रहे। संवाद