लोहाघाट (चंपावत)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) लोहाघाट में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के संदर्भ में विद्यालयी पाठ्यचर्या में वोकल फॉर लोकल की उपादेयता विषय पर दो दिनी वेबिनार का आयोजन किया। इस मौके पर प्राचार्य केसी शाक्य ने कार्यक्रम के आयोजन करने के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
वेबिनार में मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता शिक्षाविद डॉ. जेएस राजपूत ने गांधी, टैगोर, अरविंदो और जापान देश का उदाहरण देकर शिक्षकों के आत्म गौरव को जगाया। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता है और उसे उसी की भांति व्यवहार भी करना चाहिए। विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी ने लोक भाषाओं और संस्कृति के संरक्षण के संबंध में राष्ट्रीय शिक्षा नीति में व्यक्त संभावनाओं पर प्रकाश डाला। एनसीईआरटी की विशेषज्ञ डॉ. ज्योत्सना तिवारी ने लोकल के लिए हम वोकल हो पर हमारा दृष्टिकोण ग्लोबल हो से अपनी बात शुरू की। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अवनीश शर्मा ने बताया कि वेबिनार में उत्तराखंड के अलावा गुजरात, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश आदि प्रदेशों से भी शिक्षकों और शोधकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के सह संयोजक डॉ. एलएस यादव, डॉ. पारूल शर्मा, लता आर्य, डॉ. अरुण तलनियां, डॉ. नवीन चंद्र जोशी, मनोज भाकुनी आदि ने सहयोग किया।