राप्रावि खेतीखान में अपने बच्चे को दाखिला दिलाने लाई सहायक अध्यापिका रेनू रावत।
- फोटो : अमर उजाला
वर्तमान में ज्यादातर लोग अपने बच्चों प्राइवेट स्कूलों पढ़ा रहे हैं। इन दिनों अपने बच्चों के प्रवेश लिए अधिकतर लोग प्राइवेट स्कूलों के चक्कर काट रहे हैं। ऐसे में सरकारी स्कूल में तैनात एक शिक्षक दंपति ने अपने बच्चे को सरकारी विद्यालय में प्रवेश दिलाकर उम्दा पहल की है। उनकी इस पहल को काफी सराहा भी जा रहा है।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय खेतीखान तैनात शिक्षिका रेनू रावत के पति गिरधर रावत भी जूनियर हाइस्कूल सिरमोली में शिक्षक हैं। इस शिक्षक दंपति ने अपने बेटे प्रज्वल का दाखिला राजकीय प्राथमिक विद्यालय खेतीखान में कक्षा एक में कराया। इसके अलावा स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष हेमा देवी ने भी अपनी बेटी छाया का पहली कक्षा में नामांकन कराया है।
शिक्षका रेनू रावत व शिक्षक गिरधर रावत का कहना है कि उन्होंने अपने बच्चे को सरकारी स्कूल में प्रवेश दिलाकर लोगों को नया संदेश देेने का प्रयास किया है। शिक्षकों के बच्चों के सरकारी स्कूलों में पढ़ने से इन स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता भी बेहतर होगी। प्रधानाध्यापिका गीता ओली का कहना है कि शिक्षक दंपति ने अपने बेटे को सरकारी स्कूल में भेजकर अच्छी पहल की है। इससे पूर्व डायट के प्रवक्ता कमल गहतोड़ी के नेतृत्व में प्रवेशोत्सव के तहत जागरूकता रैली निकाली गई।