टनकपुर (चंपावत)। पीएसी 31वीं वाहिनी ई-कंपनी के तैराक दल ने स्नानघाट में नहाते वक्त शारदा में डूब रहे जगेजापुर बरेली निवासी लाखन (20) पुत्र महेंद्र प्रजापति और पप्पू (22) पुत्र रामधन पाल को डूबने से बचा लिया।
यह दोनों मां पूर्णागिरि के दर्शन को यहां आए थे। बृहस्पतिवार को वह शारदा स्नानघाट में स्नान कर रहे थे कि नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे। घाट पर मौजूद उनके साथियों एवं श्रद्धालुओं के शोर मचाने पर पीएसी तैराक दल के जवानों ने नदी में छलांग मार दी और उन्हें डूबने से बचा लिया। बचाने वाले दल में प्लाटून कमांडर आन सिंह, कांस्टेबल पप्पू राणा, रामप्रसाद, मनीष भारद्वाज एवं रमेश बिष्ट शामिल थे।