यहां कलक्ट्रेट रोड स्थित टैक्सी स्टैंड में बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। सोमवार को टैक्सी संचालकों और वाहन स्वामियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने शौचालय, पेयजल और टिनशेड निर्माण की मांग उठाई।
टैक्सी चालकों ने कहा आठ अगस्त 2012 को क्षेत्रीय विधायक हेमेश खर्कवाल ने स्टैंड का उद्घाटन किया। उन्होंने स्टैंड पर बुनियादी सुविधाओं के जल्द विस्तार के साथ ही अन्य घोषणाएं की थीं, लेकिन आज तक एक भी घोषणा पूरी नहीं हुई। मुख्यालय में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यूनियन ने टैक्सियां आधे अधूरे स्टैंड पर खड़ा करना शुरू किया था, लेकिन अब कोई सुध नहीं ली जा रही है।
यूनियन अध्यक्ष गोपाल सिंह भंडारी की अध्यक्षता और सपा जिलाध्यक्ष ललित मोहन भट्ट के संचालन में हुई बैठक में 15 दिनों के भीतर व्यवस्था न सुधरने पर प्रदेश सरकार और क्षेत्रीय विधायक का पुतला दहन कर टैक्सी संचालन बंद करने की धमकी दी।
बैठक और प्रदर्शन में ईश्वर सिंह, नरेंद्र सिंह, इंद्र सिंह, पुष्कर सिंह बोहरा, नरेश सिंह महर, अमरनाथ, पप्पू महर, मोहन सिंह, भैरव सिंह, राजेंद्र बिष्ट, लीलाधर, विजय कुमार, सुंदर सिंह, प्रकाश सिंह, देवेंद्र सिंह, गिरीश सिंह आदि वाहन चालक मौजूद रहे।