लोहाघाट नगर पंचायत के मीना बाजार वार्ड में खराब पड़ी सोलर लाइट।
- फोटो : LOHAGHAT
नगर पंचायत के मीना बाजार वार्ड में समस्याओं का मकड़जाल है। पेयजल, बिजली से लेकर सड़क तक की समस्याएं बनी हुई हैं। टैक्सी स्टेंड का निर्माण अधूरा है। इस वार्ड में शौचालय और मूत्रालय नहीं है जिसके चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मीना बाजार वार्ड में नियमित सफाई कार्य नहीं होता है। इस वार्ड के भेड़खान में प्रस्तावित टैक्सी स्टेंड का निर्माण कार्य शुरू होने के बाद यह खटाई में पड़ गया है। विवादों के चलते टैक्सी स्टेंड और पहुंच मार्ग का मामला अदालत में पहुंच गया। वार्ड में लगाई गई सोलर लाइटें भी खराब हैं। यहां की अधिकतर नालियों के ऊपर पटाल नहीं हैं। कुछ स्थानों पर नालियां क्षतिग्रस्त हैं जिनकी मरम्मत नहीं हो पाई है। लोगों को तीसरे-चौथे दिन पानी नसीब हो रहा है।
क्या कहते हैं वार्डवासी:
खराब है संपर्क मार्ग की हालत
हिमांशु जजरिया का कहना है कि टैक्सी स्टेंड के लिए बने संपर्क मार्ग की हालत बेहद खराब है। सड़क किनारे बनी नालियां चोक होने या टूटने से सारा गंदा पानी बहकर पंचेश्वर टैक्सी स्टेंड तक जाता है। इससे निकलने वाली सड़ांध से टैक्सी चालकों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ठीक नहीं हुई खराब सोलर लाइट
पूर्व सैनिक मान सिंह का कहना है कि आदर्श कॉलोनी में लगाई गई सोलर लाइट लंबे समय से खराब है। लाइट सही करने की मांग कई बार की जा चुकी है लेकिन लोगों की मांग को अनसुना किया जा रहा है। लाइट खराब होने से इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को अंधेरे में परेशानी होती है।
होली ग्राउंड का भव्य निर्माण हुआ : सभासद
सभासद नवीन नाथ का कहना है कि वार्ड में होली ग्राउंड का भव्य निर्माण किया गया है। कई स्थानों पर नालियों के निर्माण प्रस्तावित किए गए हैं जिन पर जल्द कार्य शुरू हो जाएगा। वार्ड की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।