सब कुछ ठीक-ठाक रहा और रेलवे अपनी योजना में सफल रहा तो टनकपुर के लोगों को 31 मार्च से पहले ब्राडगेज रेल सेवा का तोहफा मिल सकता है। पूर्वोत्तर रेलवे ने मार्च के अंतिम सप्ताह में टनकपुर-पीलीभीत के बीच रेल सेचा शुरू करने की योजना बनाई है, इसके लिए युद्धस्तर पर काम भी चल रहा है। मंगलवार को विभाग ने पीलीभीत से मझोला तक रेल सेवा का परीक्षण भी किया गया, जो सफल रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक राजीव मिश्र 25 मार्च को इस लाइन का निरीक्षण करेंगे।
भोजीपुरा-पीलीभीत बड़ी रेल लाइन सेवा शुरू होने के साथ ही रेलवे ने टनकपुर-पीलीभीत के बीच भी बड़ी रेल लाइन निर्माण का काम तेजी से शुरू किया है। टनकपुर से पीलीभीत तक 62 किमी लंबी बड़ी रेल लाइन निर्माण के लिए गत वर्ष 16 जून से रेल सेवा बंद है। स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी ने बताया कि पीलीभीत से मझोला तक न सिर्फ लाइन निर्माण का काम पूरा हो गया है, बल्कि मंगलवार को पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर क्षेत्र के सीआरएस (मुख्य संरक्षा आयुक्त) ने मझोला तक पटरी पर रेल दौड़ाकर परीक्षण भी किया है, जो सफल रहा है। पीलीभीत से मझोला तक बड़ी लाइन रेल सेवा 31 मार्च तक शुरू करने की योजना है। इधर, रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक गोरखपुर क्षेत्र राजीव मिश्र की योजना मझोला के बजाय टनकपुर तक रेल पहुंचाने की है। यदि ऐसा हुआ तो आने वाले दस दिनों में इस क्षेत्र को भी बड़ी रेल सेवा का तोहफा मिलेगा और पूर्णागिरि मेले में आ रहे यात्रियों को भी फायदा होगा।