पीलीभीत के बड़ी रेल लाइन से जुड़ने के बाद टनकपुर स्टेशन भी बड़ी रेल लाइन से जुड़ जाएगा और रेलवे स्टेशन का भी नक्शा बदलेगा। लाइन बिछाने को पीलीभीत से बरेली के लिए रेल सेवा बंद होने से भले ही बरेली जाने वाले यात्रियों को छह माह रेल सेवा से वंचित रहना पड़ेगा, लेकिन लखनऊ जाने वाले यात्रियों को बेहतर रेल सेवा का लाभ मिला है। ट्रेनों की संख्या बढ़ने से इस बार रेलवे को पूर्णागिरि मेला स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन नहीं करना पड़ेगा।
अब मीटर गेज (मध्यम लाइन) की रेल सेवा से जुड़े टनकपुर शहर के भी बड़ी रेल लाइन से जुड़ने का सपना जल्द साकार होगा। भोजीपुरा (बरेली) से पीलीभीत के बीच मीटर गेज हटाकर यूनिक गेज बिछाने का काम शुरू हो गया है। पीलीभीत के बड़ी रेल लाइन से जुड़ने के बाद टनकपुर को बड़ी रेल लाइन से जोड़ने का काम शुरू होगा। रेलवे के सूत्रों के मुताबिक पीलीभीत तक बड़ी रेल लाइन बिछाने के लिए छह माह का समय तय किया गया है। इसके बाद टनकपुर से पीलीभीत के बीच रेल सेवा बंद कर बड़ी लाइन बिछाने का काम शुरू होगा। बड़ी लाइन से जुड़ने के साथ ही टनकपुर के रेलवे स्टेशन का नक्शा भी बदला जाना है। रेलवे की निर्माण इकाई स्टेशन का डिजाइन तैयार कर रही है। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल स्टेशन का डिजाइन फाइनल नहीं हो पाया है।
टनकपुर-पीलीभीत के बीच बड़ी लाइन बिछाने का काम शुरू होने से पहले गोरखपुर जोन के महाप्रबंधक टनकपुर स्टेशन का स्थलीय निरीक्षण करने आ सकते हैं। वे 30 दिसंबर को आने वाले थे, लेकिन किसी कारण उनका दौरा रद्द हो गया। बड़ी लाइन से जुड़ने के बाद टनकपुर से मुंबई, दिल्ली, देहरादून, असम आदि महानगरों के लिए सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
लखनऊ के लिए एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन शुरू
साल के पहले दिन टनकपुर से लखनऊ के लिए एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू हो गई है। स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी ने सुबह 6 बजे लखनऊ के लिए एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गौरतलब है कि पीलीभीत-भोजीपुरा (बरेली) के बीच रेल सेवा बंद होने के बाद टनकपुर से लखनऊ के लिए दो एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू की गई है।