टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में धौन-स्वांला के बीच आए मलबे को हटाते जेसीबी।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। मंगलवार रात से बंद टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर निर्माणाधीन बारहमासी मार्ग अभी तक नहीं खुल पाया है। स्वांला-धौन के बीच काफी मलबा आने से यह मार्ग बंद है। लगातार पत्थरों के गिरने से काम नहीं हो पा रहा है। मार्ग पर करीब 65 वाहन अब भी फंसे हैं। सब्जी व खाद्य सामग्री की आपूर्ति देवीधुरा मार्ग से हो रही है, मगर ट्रांसपोर्टेशन में लागत बढ़ने से कई चीजों के दाम 10 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं।
लॉकडाउन से इन दिनों रोडवेज बसें, टैक्सियां सहित सामान्य वाहनों की आवाजाही नहीं हो रही है। सब्जी व खाद्य सामग्री सहित आपात कालीन सेवाओं के वाहन ही चल रहे हैं। मार्ग पर 65 से अधिक ट्रक फंसे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के लोहाघाट के ईई एलडी मथेला का कहना है कि जेसीबी व पोकलैंड की दो मशीनें लगी हुई है, लेकिन लगातार मलबा गिरने से काम शुरू करना बेहद जोखिमभरा है। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय का कहना है कि एनएच खंड को जल्द से जल्द रोड को खोलने के लिए सभी जरूरी उपाय करने को कहा गया है।