मैच शुरू होने से पहले अतिथियों के साथ टनकपुर ब्लू और नोजगे पब्लिक स्कूल खटीमा की क्रिकेट टीम के ख?
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। अंडर 17 क्रिकेट टूर्नामेंट का पहला सेमी फाइनल मुकाबला जीत कर टनकपुर ब्लू ने टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। सेमी फाइनल में टनकपुर ब्लू ने नोजगे पब्लिक स्कूल (हैप्पी) खटीमा की टीम को 71 रनों से हराया।
जिला क्रीड़ा विभाग की ओर से स्टेडियम मैदान में चल रहे टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल मैच का शुभारंभ क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ चंपावत के रिपुदमन सिंह तड़ागी ने किया। टनकपुर ब्लू ने पहले बल्लेबाजी कर निर्धारित 20 ओवर में 143 रनों का स्कोर खड़ा किया। जिसमें हर्षित ने सर्वाधिक 35, पंकज ने 33 और हर्षित कश्यप ने 27 रन बनाए। नोजगे स्कूल के गेंदबाज जिगर ने तीन और गगन व प्रियांशु ने दो-दो विकेट लिए।
बाद में बल्लेबाजी करते हुए नोजगे की टीम 72 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हो गईं। जिगर ने सर्वाधिक 22 रन बनाए। टनकपुर के गेंदबाज साहिल, हिमांशु और कमलेश ने तीन-तीन विकेट चटकाए। मैच के निर्णायक सुनील सिंह बोहरा अंशुल पांडेय और स्कोरर मनीषा कुंवर थे। लक्ष्मण चंद लक्की ने आंखों देखा हाल सुनाया। इस मौके पर क्रिकेट कोच दीपक सेठी, विशाल तिवारी, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ चंपावत के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह पाटनी, दीपक पचौली, नीतिन भारती, मोहन सिंह नेगी आदि मौजूद थे। ब्यूरो