चंपावत। जिले में चिह्नित ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित स्थल) पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। यह बात डीएम मनीष कुमार ने पूर्णागिरि तहसील सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कही।
डीएम ने सभी विभागों को सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से अनुपालन करने को कहा। विशेष रूप से ओवर-स्पीडिंग, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग सहित नशे में वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर सख्त नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई करने को कहा। पीएम ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को सर्वे कार्य शीघ्र पूर्ण कर डीपीआर भेजने के साथ ही मंच-बकोड़ा मार्ग कार्य को प्राथमिकता से प्रारंभ करने के निर्देश दिए। एनएच पर स्वाला डेंजर जोन पर शीघ्र काम करने के निर्देश दिए। एनएच के अधिकारियों से कहा कि पहाड़ी से गिरने वाला मलबा एक इंच भी डंपिंग जोन के अलावा अन्यत्र न गिरे। स्वाला में सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य भी तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। बैठक में संभागीय परिवहन अधिकारी सुरेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, सीईओ मेहरबान सिंह बिष्ट, ईई लोनिवि एमसी पलड़िया आदि अधिकारी मौजूद रहे। संवाद