चंपावत एनआईसी में वीडियो कांफ्रेंसिंग में शामिल डीएम और अन्य अधिकारी।
- फोटो : CHAMPAWAT
मंडलायुक्त राजीव रौतेला ने शुक्रवार को सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लेबल एक पर प्राप्त शिकायतों पर एक सप्ताह में कार्रवाई न होने पर संबंधित अधिकारी का वेतन रोकने के साथ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मंडलायुक्त ने कहा कि अधिकारी सीएम हेल्पलाइन पर अपना प्रोफाइल, नाम, पद नाम, मोबाइल नंबर आदि अपडेट रखना सुनिश्चित करें और गूगल प्ले स्टोर से उत्तराखंड सीएम हेल्प लाइन एप डाउनलोड कर रोजाना मॉनीटरिंग करें जिससे शिकायतकर्ता की शिकायत का त्वरित समाधान हो सके। मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी रविंद्र दत्त ने कहा कि शिकायत का समाधान करते समय संबंधित शिकायतकर्ता को भी समाधान से अवगत कराएं जिससे शिकायतकर्ता संतुष्ट हो सके।
सीएम हेल्प लाइन पर प्राप्त कई शिकायतों को सेवा के अधिकार से जोड़ा जाएगा और एक सप्ताह में 32 सेवाओं को अपलोड करना सुनिश्चित करें। किसी स्थानांतरित अधिकारी को अपना शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा कि उनके प्रतिस्थानी को सीएम हेल्प लाइन का यूजर आईडी पासवर्ड दे दिया है, तभी अधिकारी स्थानांतरित माना जाएगा।
डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने कहा कि शिकायतों की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाएगी। वीडियो कांफ्रेंसिंग में एडीएम टीएस मर्तोलिया, प्रभागीय वनाधिकारी केएस बिष्ट, पीडी एचजी भट्ट, डीडीओ एसके पंत, सीओ ध्यान सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।