टनकपुर क्षेत्र में नदी-नालों का निरीक्षण करते एसडीएम दयानंद सरस्वती और खनन, वन, सिंचाई, राजस्व वि?
- फोटो : TANAKPUR
रिवर ट्रेनिंग योजना के तहत किरोड़ा समेत क्षेत्र के नदी-नालों में खनन की कवायद एक बार फिर शुरू हो गई है। शुक्रवार को एसडीएम दयानंद सरस्वती के नेतृत्व में खनन, सिंचाई, राजस्व और वन विभाग की टीम ने नदी-नालों का संयुक्त निरीक्षण किया।
किरोड़ा के अलावा शारदा, छीनीगोठ, बाटनागाड़, सैलानीगोठ के नदी-नालों को चैनलाइज करने के लिए रिवर ट्रेनिंग योजना के तहत खनन कराया जाएगा।
किरोड़ा के राजस्व क्षेत्र में दो वर्ष पूर्व भी प्रशासन ने रिवर ट्रेनिंग योजना के तहत नायकगोठ और थ्वालखेड़ा के बीच खनन की अनुमति दी थी लेकिन ग्रामीणों के विरोध से खनन नहीं हो पाया। अब प्रशासन ने एक बार फिर नदी-नालों को चैनलाइज करने के उद्देश्य से योजना के तहत नदी नालों से खनन कराने की कवायद शुरू कर दी है। पूर्व में प्रशासन नायकगोठ और थ्वालखेड़ा के ग्रामीणों की बैठक ले चुका है।
शुक्रवार को एसडीएम के नेतृत्व में भू एवं खनिकर्म विभाग के उप निदेशक खान अधिकारी लेखराज लेघा, वन निगम के खनन अधिकारी हरीश पाल, शारदा रेंज के डिप्टी रेंजर कैलाश गुणवंत के नेतृत्व में सिंचाई, वन और राजस्व विभाग की टीम ने किरोड़ा के राजस्व क्षेत्र, सैलानीगोठ में शारदा, बाटनागाड़ और छीनीगोठ में हुड्डी नदी का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की है। खान अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण की रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी।