चंपावत में अतिक्रमण् चिन्हित करते कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर अतिक्रमण चिह्नित करने का काम शुरू हो गया है। पहले दिन तकरीबन 80 भवनों में अतिक्रमण के निशान लगाए गए। चिन्हीकरण अभियान दो दिन और चलेगा। उसके बाद अतिक्रमणकारियों को नोटिस भेजा जाएगा। बाद में अतिक्रमण को ध्वस्त करने का काम शुरू किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मचा रहा।
एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन पर अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जमीन की नापजोख एनएच के नक्शे और दस्तावेजों के आधार पर की जा रही है। बताया कि सोमवार और मंगलवार को फिर से चिन्हीकरण का काम शुरू किया जाएगा। शुरूआती चरण में अतिक्रमण चिन्हीकरण का काम पालिका क्षेत्र में कोतवाली से छतार तक किया जा रहा है। चिन्हीकरण के बाद डुगडुगी से लोगों को अतिक्रमण खुद हटाने को कहा जाएगा। इसके बाद संबंधित लोगों को नोटिस भेजा जाएगा। अखबार में अंतिम चेतावनी देने के बाद प्रशासन अतिक्रमण तोड़ने की कार्रवाई शुरू करेगा।
उन्होंने बताया कि अतिक्रमण में आने वाले खर्च को संबंधित व्यक्ति से वसूल किया जाएगा। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अभिनव कुमार ने बताया कि पहले दिन तकरीबन 80 भवनों को चिन्हित किया गया है। चिन्हीकरण के लिए पालिका, एनएच और राजस्व की टीम गठित की गई है। शनिवार को अतिक्रमण चिन्हित होने से लोगों में हड़कंप मचा रहा। टीम में ईओ के अलावा राजस्व निरीक्षक हरीश जोशी, एनएच के जेई बीसी जोशी, राजस्व उप निरीक्षक सुंदर नेगी, शंकर वर्मा और मोहित शामिल थे।