स्वजल परियोजना ने किया पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मान
- फोटो : अमर उजाला
ब्लाक सभागार में शनिवार को ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों के लिए स्वजल परियोजना की ओर से एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। स्वच्छ भारत मिशन की 2012-13 की आधारभूत सर्वे के अनुसार पूरे ब्लाक पाटी को खुले में शौच से मुक्त होने की घोषणा की गई।
ब्लाक प्रमुख पुष्पा लमगड़िया की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में परियोजना प्रबंधक महेंद्र कुमार गर्ग ने बताया कि स्वजल परियोजना की रिपोर्ट के भारत सरकार के पास पहुंचने के बाद भारत सरकार की ओर से 150 परिवारों तक की ग्राम पंचायतों को 7 लाख, 300 परिवार तक की ग्राम पंचायतों को 12 लाख, 500 परिवार तक की ग्रामपंचायतों को 15 लाख और 500 परिवारों से ऊपर की ग्राम पंचायतों को 20 लाख रुपए ग्रामसभा के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता में सहयोग स्वरूप उपलब्ध कराएं जाएंगे।
समारोह में लोगों को स्वच्छता के बारे में जानकारी देने के साथ ही बताया कि जो परिवार स्वच्छ भारत मिशन की सूची से वंचित है उन्हें कार्यक्रम के दूसरे चरण में प्रोत्साहन दिलाया जाएगा। इस मौके पर सीडीओ आरएस पोखरियाल, एसडीएम निर्मला बिष्ट, ज्येष्ठ प्रमुख सीएस मेहता, गिरीश सिग्वाल, बीडीओ सीएस मेवाड़ी, जिला पंचायत सदस्य भोला सिंह बोहरा, राजू बिष्ट, तेज सिंह बिष्ट, उदय प्रताप मिश्रा, पूरन भट्ट, एके मिश्रा, त्रिलोक सिंह, बसंत अटवाल, महेश तिवारी, गीता भट्ट आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व दो अक्तूबर को बाराकोट ब्लाक को भी खुले में शौच से मुक्त घोषित किया जा चुका है।