बनबसा (चंपावत)। बनबसा के गढ़ीगोठ क्षेत्र से लगी नेपाल सीमा के गांव चांदनी दोधारा में बीते मंगलवार से लैंड सर्वे शुरू हो गया है। इससे छह दशकों से कुटियाकबर क्षेत्र में रह रहे भूमिहीनों को जमीन का मालिकाना हक मिलने की उम्मीद बढ़ी है। नेपाल सत्तारूढ़ पार्टी के सांसद ज्ञानेंद्र सिंह महाता ने कहा कि दोधारा चांदनी के कुटियाकवर के नागरिकों को सर्वे उपरांत भूमि का मालिक बनाया जाएगा।
दोधारा चांदनी नगरपालिका भूमि शाखा प्रमुख सुरेंद्र चंद्र ओझा ने बताया कि कुटियाकवर गांव में सर्वे शुरू हो गया है। इस क्षेत्र में निवास करने वाले टेक बहादुर सुनार, मोती राम सुनार आदि ने अब जमीन का मालिक बनने की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि भूमि का मालिकाना हक मिलने से झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों का धीरे-धीरे पक्का आवास बनाने का रास्ता भी साफ होगा। मुख्य जिलाधिकारी मदन कोइराला जो जिला भूमि आयोग के अध्यक्ष भी हैं, ने कहा कि कुटियाकवर गांव में सर्वे उपरांत ग्रामीणों को लाल पुर्चा (भूमि प्रमाणपत्र) भी दिया जाएगा। बताया कि दोधारा चांदनी के अलावा अन्य नगरपालिकाओं में भी भूमि सर्वे शुरू हो गया है। बताया गया कि लंबे समय से क्षेत्र के 65000 लोगों ने भूमि के स्वामित्व के लिए आवेदन किया था।