टनकपुर(चंपावत)। विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। कोतवाली पुलिस ने जिला ऊधमसिंह नगर के सिसैया सितारगंज के तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएसआई सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि नगर के विष्णुपुरी काॅलोनी निवासी राहुल प्रजापति ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा कि बेहतर भविष्य के लिए उसे रूस जाना था। इसके लिए करीब एक वर्ष पहले जान पहचान के व्यक्ति सितारगंज सिसैया निवासी परवेज, समीर और मोहम्मद युनुस जो आपस में भाई हैं उक्त लोगों ने उसको भरोसा दिलाया कि वह आसानी से रूस का वीजा दिला देंगे। इसकी एवज में उन्होंने 20 हजार रुपये नकद और 30 हजार रुपये ऑनलाइन ले लिए। साथ ही पासपोर्ट भी ले लिया। जब काफी समय हो गया और वीजा नहीं मिला तो रुपये और पासपोर्ट मांगने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और जानमाल की धमकी दी गई। कोतवाली पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच एसआई संदीप पिल्खवाल को सौंप दी है।