उप जिला अस्पताल लोहाघाट में सीजेरियन माध्यम से सफल प्रसव कराने वाली चिकित्सा टीम को सम्मानित कर
लोहाघाट (चंपावत)। उप जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होने लगी हैं। अस्पताल में पहली बार सिजेरियन सेक्शन (सी-सेक्शन) के माध्यम से महिला की सफल डिलीवरी की गई है।
अस्पताल की चिकित्साधीक्षक डॉ. सोनाली मंडल ने बताया कि बीते सोमवार को बाराकोट ब्लाॅक के मऊ चौमेल निवासी प्रसूता पूजा (25) पत्नी सुरेश कुमार को डिलीवरी के लिए उप जिला अस्पताल लाया गया था। वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डाॅ. मृणालिनी मजमूदार ने बताया कि शिशु की नाल फंसने से सामान्य प्रसव होना असंभव था। इसके चलते सर्जरी करनी पड़ी। डाॅ. मृणालिनी ने बताया कि पूजा ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया है और जच्चा-बच्चा पूरी तरह स्वस्थ हैं।
गर्भवती का सिजेरियन के माध्यम से सफल प्रसव कराने पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य सचिन जोशी और महिला के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों और कर्मचारियों का फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। उन्होंने ने बताया पीपीपी मोड के बाद पहली बार सिजेरियन से प्रसव हुआ है। टीम में चिकित्साधीक्षक डाॅ. सोनाली मंडल, निश्चेतक डाॅ. रितु राठी भी शामिल रहीं। सर्जरी के दौरान नर्सिंग अधिकारी संजय, रंजना, बबीता, जीतू, वार्ड बॉय दीपक, संदीप वर्मा सहित पर्यावरण मित्र बाला ने महत्वपूर्ण सहयोग किया। संवाद