टनकपुर तहसील में रजिस्ट्री संबंधि कामकाज निपटाते सब रजिस्ट्रार मलिक औसाफ अहमद।
- फोटो : TANAKPUR
तहसील में सब रजिस्ट्रार कैंप कार्यालय का शुभारंभ हो गया है। शुक्रवार का लगे पहले कैंप कार्यालय में सब रजिस्ट्रार मलिक औसाफ अहमद ने भूमियों की रजिस्ट्री, शादियों का पंजीकरण और वसीयत के कामकाज निपटाए।
हर माह दूसरे शुक्रवार और चौथे शनिवार को सब रजिस्ट्रार का कैंप कार्यालय लगेगा। सब रजिस्ट्रार कैंप कार्यालय की सुविधा मिलने पर लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए विधायक कैलाश गहतोड़ी का आभार जताया है।
जिले के मैदानी टनकपुर और बनबसा के लोगों को अब तक भूमियों की रजिस्ट्री, वसीयत नामा और विवाह पंजीकरण के लिए 75 किमी. दूर जिला मुख्यालय चंपावत की दौड़ लगानी पड़ती थी जिससे न सिर्फ जेब पर मार पड़ रही थी, बल्कि समय भी गंवाना पड़ रहा था।
लंबे समय से टनकपुर में सब रजिस्ट्रार कार्यालय की मांग पर क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी की पहल पर जिलाधिकारी एसएन पांडेय ने माह में दो दिन टनकपुर तहसील में सब रजिस्ट्रार कैंप कार्यालय की व्यवस्था कर दी है।
शुक्रवार को सब रजिस्ट्रार ने पहला कैंप कार्यालय लगाकर कामकाज निपटाए। सब रजिस्ट्रार ने बताया कि पहले कैंप कार्यालय में 35 लोगों की भूमि की रजिस्ट्री की गई। इसके अलावा 9 शादियों का पंजीकरण और 2 वसीयतनामे दर्ज किए गए।