चंपावत की चल्थी चौकी पुलिस की ओर से बरामद किया गया शराब का जखीरा।
- फोटो : CHAMPAWAT
जिले की चल्थी चौकी पुलिस ने 450 पेटी अवैध शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई शराब पिथौरागढ़ ले जाई जा रही थी। पुलिस ने वाहन को सीज कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जिले में मादक पदार्थों की बढ़ती तस्करी को देखते हुए एसपी धीरेंद्र गुंज्याल के निर्देश पर चल्थी चौकी में गहन चेकिंग अभियान चलाया गया। प्रभारी हरीश प्रसाद के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में कैंटर (यूके 07 सीए 5836) से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। चौकी प्रभारी हरीश प्रसाद ने बताया कि देर शाम पुलिस ने आवाजाही कर रहे वाहनों की चेकिंग की।
इस दौरान कैंटर की तलाशी लेने पर 450 पेटी अंग्रेजी बरामद हुई। वाहन के अंदर 300 पेटी बोतल, 50 पेटी अद्धे और 100 पेटी पव्वों से भरी हुई मिलीं। पूछताछ में चालक संजीव कुमार निवासी चारूबेटा मुड़ेली थाना खटीमा (यूएसनगर) ने बताया कि उसे आबकारी विभाग की यह शराब पिथौरागढ़ पहुंचानी थी लेकिन रूट बदलने के कारण वह पकड़ा गया।
बताया कि पकड़ी गई शराब की कीमत 25 लाख से ऊपर है। पुलिस ने आरोपी का वाहन सीज कर आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम में हीरा सिंह और भूपेंद्र सिंह शामिल रहे।