लोहाघाट में समर कराटे कैंप के समापन पर पुरस्कारों के साथ खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
सोबुकान तानाका सितोरियो कराटे डू की ओर से लोहाघाट में आयोजित 10 दिवसीय समर कराटे कैंप का पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। इस दौरान खिलाड़ियों ने कराटे के हैरतंगेज कारनामे दिखाते हुए दर्शकों को अचरज में डाल दिया। नेपाल से आए मास्टर प्रशिक्षकों ने नन्हें खिलाड़ियों को कई महत्वपूर्ण दांवपेंच सिखाकर पारंगत किया।
सोबुकान कराटे के उत्तराखंड चीफ व जिला कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष लक्ष्मण बिष्ट का कहना था कि कराटे विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा का महत्वपूर्ण अंग है, जो उनकी सुरक्षा में काम आता है। काठमांडू से आए मास्टर कोच हरिश्रेष्ठ व सम्राट महाराजन ने काता कुमीते विधा के तहत किक, पंच, ब्लाक, स्टांस की बारीकियां सिखाईं। डिस्ट्रिक कराटे एसोसिएशन के सचिव और लोहाघाट के कोच दीपक अधिकारी ने प्रशिक्षण देने आए मास्टर कोचों का आभार जताया। कैंप के आयोजन में आलोक जोशी, किरन फर्त्याल, दान सिंह करायत, राम सिंह बिष्ट, नवीन पांडेय, नवीन ओली, छत्तर सिंह ढेक आदि ने सहयोग किया।