राजकीय महाविद्यालय में नारे लगाकर प्रदर्शन करते छात्र-छात्राएं।
- फोटो : TANAKPUR
राजकीय महाविद्यालय छात्र संघ ने स्थानांतरित एकल विषय प्राध्यापक को प्रतिस्थानी की तैनाती तक कार्यमुक्त नहीं करने की मांग उठाई है। छात्रों ने बृहस्पतिवार को कॉलेज परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्राचार्या डॉ. जी प्रकाश को उच्च शिक्षा मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
छात्र संघ अध्यक्ष त्रिभुवन बेलवाल के नेतृत्व में एकत्र छात्र-छात्राओं ने गणित और रसायन विज्ञान के प्राध्यापकों के स्थानांतरण के विरोध में नारे लगाकर प्रदर्शन किया। उच्च शिक्षा मंत्री को भेजे ज्ञापन में छात्र नेताओं ने कहा कि कॉलेज में गणित और रसायन विषय के एकल प्राध्यापक तैनात है, लेकिन उनका भी स्थानांतरण कर दिया गया है।
उन्होंने शिक्षा सत्र के मध्य मेें प्राध्यापकों के स्थानांतरण को छात्र हितों के विपरीत बताते हुए प्रतिस्थानी की तैनाती के बगैर प्राध्यापकों को कार्यमुक्त न किए जाने का आग्रह किया है। प्रदर्शन और ज्ञापन देने वालों में उपाध्यक्ष नवल कुमार, छात्रा उपाध्यक्ष प्रिया पंत, सचिव आयुष उपाध्याय, संयुक्त सचिव पवन सिंह महर, कोषाध्यक्ष शिवानी जोशी, विवि प्रतिनिधि अंजली आदि शामिल थे।