जीजीआईसी खेतीखान में छात्राओं को आत्मरक्षा के टिप्स देते पुलिस और कराटे एसोसिएशन के कोच।
- फोटो : अमर उजाला
महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल के दिशा-निर्देशन में पुलिस कर्मियों और कराटे एसोसिएशन ने जीजीआईसी खेतीखान में छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। इस दौरान छात्राओं को महिला अपराध से बचाव संबंधी कानून की जानकारी दी गई।
उप निरीक्षक ज्योति, महिला हेल्पलाइन की सपना, आशा के अलावा कराटे एसोसिएशन के दीपक अधिकारी, अंकित पांडे ने कहा कि कराटे छात्राओं की आत्मरक्षा के लिए काफी जरूरी है। कराटे का ज्ञान होने से वह विपरीत परिस्थिति में फंसने पर आत्मरक्षा कर सकती हैं। एसआई ज्योति ने बताया कि महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों की शिकायत 1090 नंबर पर की जा सकती है। प्रधानाचार्या हेमलता जोशी ने छात्राओं को जागरूक करने के लिए टीम का आभार जताया।